फर्जी पत्रकारों पर अब पड़ेगी कानून की मार डीएम बोले– सघन जांच के बाद जाएंगे जेल, एसएसपी ने कहा– एसपी स्तर की जांच के बाद ही बनेगा प्रेस पास

फर्जी पत्रकारों पर अब पड़ेगी कानून की मार डीएम बोले– सघन जांच के बाद जाएंगे जेल, एसएसपी ने कहा– एसपी स्तर की जांच के बाद ही बनेगा प्रेस पास

मंडल संवाददाता अमित चौहान

ब्रज प्रेस क्लब का बड़ा अभियान, ब्लैकमेलिंग और ‘प्रेस’ की आड़ में वसूली करने वालों पर शिकंजा कसने की मांग

मथुरा । ब्रजभूमि में अब फर्जी पत्रकारों, ब्लैकमेलरों और ‘प्रेस’ की आड़ में वसूली करने वाले गिरोहों की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। ब्रज प्रेस क्लब के नेतृत्व में मंगलवार को बड़ी संख्या में प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल मीडिया और सोशल मीडिया से जुड़े सम्मानित पत्रकारों ने जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार को ज्ञापन सौंपकर ऐसे तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने की मांग की। ज्ञापन पर गंभीरता दिखाते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सघन जांच कराई जाएगी और यदि कोई अपराधी पत्रकार बनकर घूमता मिला तो उसके खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई होगी। वहीं एसएसपी श्लोक कुमार ने कहा कि प्रेस पास जारी करने से पहले एसपी स्तर, जिला सूचना कार्यालय और खुफिया तंत्र से बहुस्तरीय जांच कराई जाएगी, ताकि फर्जी लोगों की पहचान हो सके।

दिल्ली हाईकोर्ट की टिप्पणी बनी अभियान की प्रेरणा

ब्रज प्रेस क्लब के अध्यक्ष डॉ. कमलकांत उपमन्यु एडवोकेट ने कहा कि दिल्ली हाईकोर्ट द्वारा प्रेस की स्वतंत्रता और जवाबदेही पर की गई टिप्पणी के बाद यह अभियान शुरू करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की गरिमा बचाने के लिए पत्रकारिता का चोला पहनकर अपराध करने वालों पर लगाम लगाना समय की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने कहा कि आज मोबाइल, कैमरा और माइक्रोफोन लेकर कोई भी स्वयं को पत्रकार घोषित कर देता है, जबकि न उसके पास पत्रकारिता का प्रशिक्षण होता है और न समाज के प्रति कोई जवाबदेही। ऐसे लोग पत्रकारिता की आड़ में संस्थानों, व्यापारियों और आम लोगों को ब्लैकमेल कर वसूली करते हैं, जिससे वास्तविक पत्रकारों की छवि धूमिल होती है।

जुलाई के अंतिम सप्ताह से चलेगा विशेष अभियान

ब्रज प्रेस क्लब ने घोषणा की कि जुलाई के अंतिम सप्ताह से पूरे ब्रज क्षेत्र में फर्जी पत्रकारों और अवैध रूप से ‘प्रेस’ लिखकर चल रहे वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू कराया जाएगा। इसके लिए प्रशासन और पुलिस के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा।

“पत्रकारिता की आड़ में अपराध नहीं चलेगा”

ज्ञापन में पत्रकारों ने प्रशासन को बताया कि पत्रकारिता की आड़ लेकर ब्लैकमेलिंग, चौथ वसूली और अपराध करने वाले लोग धार्मिक स्थलों, संस्थानों और वीआईपी सुरक्षा तक के लिए खतरा बन सकते हैं। ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई होना आवश्यक है। ब्रज प्रेस क्लब ने ब्रज क्षेत्र के सभी जिम्मेदार प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल पत्रकारों से इस अभियान में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि यह किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि पत्रकारिता की साख बचाने और समाज में विश्वास कायम रखने का जन-जागरण अभियान है।यदि यह अभियान प्रभावी ढंग से लागू होता है, तो वर्षों से ‘प्रेस’ की आड़ में ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली करने वाले तत्वों पर बड़ा प्रहार माना जाएगा तथा वास्तविक पत्रकारों की गरिमा और विश्वसनीयता को नई मजबूती मिलेगी।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें