भयहरणनाथ धाम में 8 से 16 अगस्त तक गूंजेगी शिव महापुराण कथा, विजय कांत तिवारी महाराज करेंगे कथा वाचन
जिला संवाददाता अमित शुक्ला
प्रतापगढ़। पांडवकालीन प्रसिद्ध धार्मिक, ऐतिहासिक एवं पर्यटन स्थल भयहरणनाथ धाम, कटरा गुलाब सिंह में सावन मेले के अवसर पर 8 अगस्त से 16 अगस्त 2026 तक भव्य सामूहिक शिव महापुराण कथा का आयोजन किया जाएगा। कथा का वाचन भागवत भूषण विजय कांत तिवारी जी महाराज अपने श्रीमुख से करेंगे।
इस आयोजन की जानकारी भयहरणनाथ धाम क्षेत्रीय विकास संस्थान द्वारा दी गई। संस्थान के अनुसार कथा आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए 26 जुलाई को संयोजन समिति की बैठक आयोजित होगी, जिसमें कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा तय की जाएगी।
संस्थान के महासचिव समाज शेखर ने बताया कि भयहरणनाथ धाम सदियों से आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है। वर्ष 2010 से संस्थान के प्रयासों से सावन मेले का व्यवस्थित आयोजन प्रारंभ हुआ, जो आज एक महत्वपूर्ण धार्मिक परंपरा का रूप ले चुका है। सावन माह में लाखों श्रद्धालु यहां पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष भी धाम परिसर में 8 से 16 अगस्त तक शिव महापुराण कथा का भव्य आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।
कथा आयोजन समिति में अध्यक्ष राज कुमार शुक्ल, संरक्षक देवी प्रसाद मिश्र, विधायक जीत लाल पटेल, नगर पंचायत अध्यक्ष अशोक कुमार “मुन्ना” यादव, डॉ. अमर बहादुर सिंह तथा प्रेम चंद्र अग्रहरि सहित अनेक गणमान्य लोग शामिल हैं।
आयोजन में सहयोग एवं सहभागिता के इच्छुक श्रद्धालु अध्यक्ष राज कुमार शुक्ल से मोबाइल नंबर 70071 94089 पर संपर्क कर सकते हैं। वहीं वित्तीय व्यवस्था एवं निगरानी की जिम्मेदारी उपाध्यक्ष (वित्त) राजीव नयन मिश्र, स्थानीय व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी कार्यालय प्रभारी नीरज मिश्र तथा स्वच्छता व्यवस्था की जिम्मेदारी राज कुमार गौतम को सौंपी गई है। संस्थान ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से शिव महापुराण कथा में शामिल होकर धर्मलाभ प्राप्त करने की अपील की है।












