कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने धर्मगुरुओं संग पीस कमेटी की बैठक
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा
प्रतापगढ़।
सुरक्षा, साफ-सफाई, यातायात, पेयजल व प्रकाश व्यवस्था की समीक्षा; यात्रा मार्गों पर मांस व शराब की दुकानें रहेंगी बंद
प्रतापगढ़। आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस लाइन के टिन शेड सभागार में जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर की संयुक्त अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में धर्मगुरुओं, मंदिरों के महंतों, मंदिर समिति के प्रतिनिधियों और विभिन्न क्षेत्रों के संभ्रांत नागरिकों ने भाग लिया।
बैठक में कांवड़ यात्रा मार्गों की साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सड़क मरम्मत, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी निगरानी, चिकित्सा सुविधाओं तथा संवेदनशील स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए।
डीएम ने सभी उप जिलाधिकारियों और क्षेत्राधिकारियों को कांवड़ यात्रा मार्गों का संयुक्त निरीक्षण करने, बिजली विभाग को ढीले एवं खुले तारों को तत्काल दुरुस्त कराने तथा लोक निर्माण विभाग को सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि यात्रा मार्गों पर स्थित मांस एवं शराब की दुकानें श्रावण मास के दौरान नियमानुसार बंद रहेंगी।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने श्रद्धालुओं से डीजे की आवाज नियंत्रित रखने, अश्लील अथवा धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले गीतों से परहेज करने और किसी नई परंपरा की शुरुआत न करने की अपील की। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों को शिवालयों एवं यात्रा मार्गों पर विशेष सतर्कता और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. राममोहन मीना, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) आदित्य कुमार प्रजापति, अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) आलोक कुमार, सभी उप जिलाधिकारी, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी, धर्मगुरु, मंदिर समितियों के प्रतिनिधि तथा जनपद के संभ्रांत नागरिक उपस्थित रहे।












