सड़क दुर्घटना में युवक की मौत, मुंबई से घर लौटते समय नागपुर के पास हुआ हादसा
संवाददाता कुमुद मिश्रा
प्रतापगढ़। महेशगंज थाना क्षेत्र के पूरे नीलकंठ, राजापुर गांव निवासी एक युवक की महाराष्ट्र के नागपुर के पास हुए सड़क हादसे में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
जानकारी के अनुसार, पूरे नीलकंठ राजापुर निवासी मनीष कुमार पांडे (पुत्र जितेंद्र कुमार पांडे) मुंबई किसी काम से गये थे। बीते रविवार को वह कार से अपने दो साथियों के साथ मुंबई से घर लौट रहे थे। बताया जाता है कि नागपुर के पास पहुंचने पर सामने चल रहे एक ट्रक ने अचानक लेन बदल दी, जिससे मनीष की कार ट्रक से जा टकराई।हादसे में मनीष कुमार पांडे और उनके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान मनीष की मौत हो गई। जबकि उनके दोनों साथियों का इलाज जारी है।सोमवार को जैसे ही मनीष का शव उनके पैतृक गांव पहुंचा, परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण अंतिम दर्शन के लिए उनके घर पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ये भी पढ़ें जनसुनवाई में एसपी दीपक भूकर ने शिकायतों के त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण के दिए निर्देश












