कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस अलर्ट
संवाददाता मुकेश कुमार
सीओ सकीट नीतीश गर्ग ने किया कांवड़ मार्ग का निरीक्षण फ्लैग मार्च निकालकर दिए सख्त निर्देश
एटा। श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को नीतीश गर्ग ने थाना रिजोर क्षेत्र के कांवड़ मार्ग का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों और जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सीओ ने कांवड़ मार्ग पर यातायात व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पुलिस सहायता केंद्र, संवेदनशील स्थानों तथा सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी श्रद्धालु को असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी पुलिसकर्मी पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभाएं। इसके बाद सीओ नीतीश गर्ग ने थाना रिजोर पुलिस एवं भारी पुलिस बल के साथ क्षेत्र में फ्लैग मार्च और पैदल गश्त की। फ्लैग मार्च के माध्यम से आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करने के साथ ही असामाजिक तत्वों को कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ न करने की सख्त चेतावनी दी गई।
सीओ ने पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान प्रत्येक गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाए। संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जाए तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल पूरी तरह तैयार रहे, ताकि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जा सके।












