माननीय मंत्री श्री नरेंद्र कश्यप जी ने गाजियाबाद में की मंडलीय विभागीय समीक्षा बैठक,3 दिसंबर विश्व दिव्यांगता दिवस पर सभी जनपदों में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित करने के निर्देश
पवन सूर्यवंशी ब्यूरो चीफ़ ऑल एनसीआर यूपी



सभी योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने एवं पात्र लाभार्थियों को शत-प्रतिशत लाभान्वित करने के दिए कड़े निर्देश गाजियाबाद, 26 नवंबर 2026। माननीय मंत्री श्री नरेंद्र कश्यप जी, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार की अध्यक्षता में आज गाजियाबाद स्थित गंगाजल जल निगम गेस्ट हाउस में विभागीय योजनाओं एवं कार्यों की मंडलीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मेरठ मंडल के मंडलीय अधिकारियों एवं मंडल के अंतर्गत आने वाले जनपदों के जिला स्तरीय अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। बैठक में गाजियाबाद, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, बागपत एवं गौतमबुद्धनगर के जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारियों एवं जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारियों सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त मेरठ मंडल के उपनिदेशक, पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं अन्य मंडलीय अधिकारी भी बैठक में सम्मिलित हुए। बैठक में माननीय मंत्री जी द्वारा दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की विभिन्न जनकल्याण कारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। इसमें दिव्यांग पेंशन योजना, दिव्यांग शादी-विवाह प्रोत्साहन पुरस्कार योजना, दिव्यांगजन कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण योजना, मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल योजना, ई-ट्राइसाइकिल योजना, दुकान निर्माण एवं संचालन योजना, कॉक्लियर इम्प्लांट योजना तथा यूडीआईडी कार्ड बनाए जाने की प्रगति की समीक्षा की गई।
माननीय मंत्री जी ने निर्देश दिए कि दिव्यांग पेंशन योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक पात्र दिव्यांगजनों को चिन्हित कर उन्हें पेंशन योजना से जोड़ा जाए। पात्र लाभार्थियों के आवेदन समय से पूर्ण कराते हुए पेंशन स्वीकृति एवं भुगतान की प्रक्रिया निर्धारित समयसीमा में सुनिश्चित की जाए, जिससे कोई भी पात्र दिव्यांगजन पेंशन के लाभ से वंचित न रहे।
दिव्यांग शादी-विवाह प्रोत्साहन पुरस्कार योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि योजना के निर्धारित लक्ष्य को समय से पूर्ण किया जाए तथा पात्र जोड़ों को योजना का लाभ दिलाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार एवं विशेष प्रयास किए जाएं। इसी प्रकार कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण, मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, ई-ट्राइसाइकिल एवं अन्य योजनाओं के अंतर्गत प्राप्त लक्ष्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने तथा पात्र लाभार्थियों को पारदर्शी तरीके से लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने यूडीआईडी कार्ड बनाने की प्रगति में तेजी लाने, लंबित आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण करने तथा दिव्यांगजनों को विभागीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में आने वाली समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने पर विशेष जोर दिया। इसी क्रम में पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के अंतर्गत पिछड़ा वर्ग शादी अनुदान योजना, छात्रवृत्ति योजना एवं ट्रिपल सी (CCC) प्रशिक्षण योजना की प्रगति की समीक्षा की गई।
माननीय मंत्री नरेंद्र कश्यप जी ने निर्देश दिए कि शादी अनुदान योजना के निर्धारित लक्ष्य को समय से पूरा किया जाए तथा अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को योजना से लाभान्वित किया जाए। छात्रवृत्ति योजनाओं के पात्र विद्यार्थियों को समय से लाभ दिलाने, लंबित प्रकरणों का निस्तारण करने एवं ट्रिपल सी प्रशिक्षण योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। माननीय मंत्री जी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि दोनों विभागों की प्रत्येक योजना के लिए निर्धारित लक्ष्यों को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाए। योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए।
जनप्रतिनिधियों, स्थानीय निकायों, ग्राम पंचायतों एवं अन्य माध्यमों का सहयोग लिया जाए, जिससे पात्र व्यक्तियों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचे। अधिकारियों को नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा करने तथा लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त दोनों विभागों के अंतर्गत संचालित संस्थाओं की कार्यप्रणाली एवं संचालन की स्थिति की भी जानकारी प्राप्त की गई।
बैठक में आगामी 3 दिसंबर को विश्व दिव्यांगता दिवस के अवसर पर सभी जनपदों में गरिमापूर्ण एवं व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए। माननीय मंत्री जी ने कहा कि इस अवसर पर दिव्यांग जनों को विभिन्न प्रकार के कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरित किए जाएं तथा उन्हें सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए।
पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के अधिकारियों को भी अपने विभाग की योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित करने एवं वितरण संबंधी कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी एवं जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, जनपद गाजियाबाद सहित मंडल के सभी संबंधित जनपदों के अधिकारी उपस्थित रहे।











