जनपद कासगंज के कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में छात्रा की संदिग्ध मौत, जांच की मांग
मंडल संवाददाता अमित चौहान
कासगंज। जनपद के कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में गुरुवार को कक्षा 10 की 16 वर्षीय छात्रा अनन्या मिश्रा संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाई गई। छात्रा का शव विद्यालय के कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिलने से विद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया गया कि अनन्या मिश्रा कक्षा 10 की छात्रा थी और विद्यालय के छात्रावास में तीन अन्य छात्राओं के साथ एक कमरे में रहती थी। जब वह कक्षा में अनुपस्थित मिली तो वार्डन उसे तलाशने छात्रावास पहुंचीं। कमरे में छात्रा के न मिलने पर अन्य स्थानों पर खोजबीन की गई। इसी दौरान वह कमरे में फांसी के फंदे पर लटकी हुई मिली। घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी अमित कुमार समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर छात्रा के शव को बाहर निकाला और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। मौके पर फोरेंसिक जांच की प्रक्रिया भी कराई गई।
छात्रा की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए जिला प्रशासन से निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है। उनका कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।












