प्रतापगढ़ में अवैध मेडिकल स्टोर पर बड़ी कार्रवाई, ₹58 हजार की दवाएं जब्त, दुकान सीज
जिला संवाददाता अमित शुक्ला
प्रतापगढ़। जिलाधिकारी के निर्देश पर औषधि विभाग ने अवैध रूप से संचालित मेडिकल स्टोरों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में बरहूपुर क्षेत्र में बिना वैध लाइसेंस के संचालित एक मेडिकल स्टोर पर छापेमारी की गई।
जांच के दौरान मेडिकल स्टोर संचालक आवश्यक अभिलेखऊ एवं औषधि विक्रय लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद औषधि विभाग की टीम ने करीब ₹58 हजार मूल्य की दवाएं जब्त कर मेडिकल स्टोर को सीज कर दिया। साथ ही एक संदिग्ध दवा का नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
कार्रवाई की सूचना मिलते ही आसपास के कई मेडिकल स्टोर संचालकों में हड़कंप मच गया। कई दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं।
औषधि विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना वैध लाइसेंस दवा का विक्रय करना कानूनन अपराध है। ऐसे मामलों में नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने भी निर्देश दिए हैं कि जनपद में अवैध मेडिकल स्टोरों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रखा जाए, ताकि आम जनता को सुरक्षित एवं मानक गुणवत्ता की दवाएं उपलब्ध हो सकें।












