जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी से बनेगा स्वस्थ उत्तर प्रदेश : विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना
पवन सूर्यवंशी ब्यूरो चीफ़ ऑल एनसीआर 


लखनऊ :गोमतीनगर स्थित होटल रेनेसां में मंगलवार को “स्वस्थ उत्तर प्रदेश के निर्माण हेतु राज्य विधान मंडल सदस्यों की तृतीय राज्य गठबंधन बैठक” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष श्री सतीश महाना ने की, जबकि बैठक का संयोजन लखनऊ उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. नीरज बोरा ने किया। बैठक में प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से आए विधायकों, स्वास्थ्य विशेषज्ञों, वरिष्ठ चिकित्सकों एवं नीति-निर्माताओं ने सहभागिता कर उत्तर प्रदेश की जनस्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर व्यापक चर्चा की। इस दौरान टीबी, फाइलेरिया, कालाजार, एनीमिया, कुपोषण, टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि स्वस्थ उत्तर प्रदेश का सपना तभी साकार होगा, जब जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों में स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसके लिए जनप्रतिनिधियों, चिकित्सकों तथा समाज के सभी वर्गों का समन्वित प्रयास आवश्यक है।बैठक के संयोजक एवं लखनऊ उत्तर के विधायक डॉ. नीरज बोरा ने कहा कि जनप्रतिनिधियों और स्वास्थ्य विशेषज्ञों के बीच संवाद से प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में ठोस रणनीति तैयार होगी।उन्होंने कहा कि जनजागरूकता, समय पर उपचार और सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन ही स्वस्थ समाज की मजबूत नींव है।बैठक में उपस्थित चिकित्सकों एवं विशेषज्ञों ने संक्रामक रोगों की रोकथाम, कुपोषण उन्मूलन, एनीमिया नियंत्रण, टीकाकरण अभियान की मजबूती और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। वक्ताओं ने जनभागीदारी को स्वास्थ्य सुधार की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए सभी जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता अभियान को गति देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने उत्तर प्रदेश को स्वस्थ, सशक्त और समृद्ध राज्य बनाने के संकल्प को दोहराया तथा जनस्वास्थ्य से जुड़े प्रत्येक अभियान में सक्रिय सहयोग का भरोसा दिलाया।












