एटा में करंट लगने से 10 वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम

एटा में करंट लगने से 10 वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम

संवाददाता: योगेंद्र सिंह एटा। शहर के सुनहरी नगर पार्क के पास मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में 10 वर्षीय बालक की करंट लगने से मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई, जबकि परिवार में कोहराम छा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुनहरी नगर क्षेत्र में ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण अस्थायी रूप से ट्रॉली पर ट्रांसफार्मर रखा गया था। लगातार हो रही बारिश के बीच 10 वर्षीय आरुष यादव पुत्र राजीव यादव, निवासी राधा विहार (सुनहरी नगर), ट्रॉली के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए और उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बताया जा रहा है कि मृतक का परिवार सुनहरी नगर स्थित राधा विहार में किराए के मकान में रहता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सुनहरी नगर पार्क के आसपास की बस्ती को कोतवाली देहात फीडर से विद्युत आपूर्ति की जाती है। क्षेत्र में खराब ट्रांसफार्मर के स्थान पर ट्रॉली पर रखे गए ट्रांसफार्मर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी लोगों ने सवाल उठाए हैं।
घटना की सूचना पर पुलिस एवं विद्युत विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। फिलहाल प्रशासन की ओर से घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें चौहल्लुम जुलूस को लेकर पुलिस अलर्ट, ड्रोन कैमरे से निगरानी 

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें