जिलाधिकारी मेंघा रूपम की अध्यक्षता में 15वें वित्त आयोग एवं अवस्थापना विकास निधि के अंतर्गत विकास कार्यों की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति संबंधी बैठक संपन्न
संवाददाता सायरा सूर्यवंशी एनसीआर नोएडा
गौतमबुद्धनगर 04 अगस्त, 2026 जिलाधिकारी मेंघा रूपम की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में नगर पालिका परिषद दादरी तथा नगर पंचायत बिलासपुर, दनकौर, रबूपुरा, जहाँगीरपुर एवं जेवर में 15वें वित्त आयोग एवं अवस्थापना विकास निधि के अंतर्गत कराए जाने वाले विकास कार्यों की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान किए जाने के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर निकायों द्वारा प्रस्तुत विभिन्न विकास कार्यों के प्रस्तावों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।जिलाधिकारी मेंघा रूपम ने निर्देश दिए कि 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत टाइड फंड एवं अनटाइड फंड की धनराशि का उपयोग शासन की मंशा एवं निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जाए। उन्होंने कहा कि टाइड फंड के अंतर्गत पेयजल आपूर्ति, स्वच्छता, ठोस एवं तरल अपशिष्ट निस्तारण, जल निकासी तथा पर्यावरण संरक्षण से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए। वहीं अनटाइड फंड के अंतर्गत स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप सड़क निर्माण एवं मरम्मत, सीसी रोड, इंटरलॉकिंग मार्ग, नाली निर्माण, स्ट्रीट लाइट, सार्वजनिक सुविधाओं के विकास तथा अन्य आधारभूत नागरिक सुविधाओं से संबंधित कार्य कराए जाएं।बैठक में अवस्थापना विकास निधि के अंतर्गत प्रस्तावित कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े विकास कार्यों का चयन आवश्यकता एवं प्राथमिकता के आधार पर किया जाए तथा सभी प्रस्ताव निर्धारित मानकों के अनुरूप तैयार कर समयबद्ध रूप से स्वीकृति एवं क्रियान्वयन की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं वित्तीय अनुशासन का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि स्वीकृत कार्यों का नियमित स्थलीय निरीक्षण किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब न होने पाए। शासन द्वारा उपलब्ध कराई गई धनराशि का सदुपयोग करते हुए विकास कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराया जाए, जिससे नगर क्षेत्रों के नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि जिन विभागों अथवा नगर निकायों से किसी प्रस्ताव के संबंध में अतिरिक्त सूचना, अभिलेख अथवा आख्या अपेक्षित है, वे संबंधित सूचना 02 दिवस के भीतर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, ताकि प्रस्तावों की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति की कार्यवाही में किसी प्रकार का विलंब न हो तथा विकास कार्य समयबद्ध रूप से प्रारंभ कराए जा सकें। बैठक में मा0 अध्यक्ष नगर पालिका परिषद दादरी, मा0 अध्यक्ष नगर पंचायत बिलासपुर, दनकौर, रबूपुरा, जहाँगीरपुर एवं जेवर सहित मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार सिंह, वरिष्ठ कोषाधिकारी शिखा गुप्ता, उप जिलाधिकारी जेवर दुर्गेश सिंह, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं सभी नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी उपस्थित रहे।गौतमबुद्धनगर।












