प्राचीन दूधेश्वर नाथ मंदिर में सावन शिवरात्रि पर उमड़ा आस्था का सैलाब, लाखों कांवड़ियों ने किया जलाभिषेक
पवन सूर्यवंशी | ब्यूरो चीफ, ऑल एनसीआर
गाजियाबाद सावन शिवरात्रि के पावन अवसर पर मंगलवार को गाजियाबाद स्थित प्राचीन दूधेश्वर नाथ मंदिर में आस्था का अद्भुत सैलाब देखने को मिला। भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए सुबह से ही लाखों की संख्या में कांवड़िए, स्थानीय श्रद्धालु एवं शिवभक्त मंदिर पहुंचे। भारी भीड़ के चलते मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र पूरी तरह शिवमय नजर आया।
हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर पहुंचे कांवड़ियों ने भगवान दूधेश्वर नाथ का जलाभिषेक किया। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं और पूरा क्षेत्र ‘हर-हर महादेव’ तथा ‘बम-बम भोले’ के जयकारों से गूंजता रहा।

इसी क्रम में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ भी प्राचीन दूधेश्वर नाथ मंदिर पहुंचे। उन्होंने भगवान दूधेश्वर नाथ का जलाभिषेक कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रदेश एवं जनपद की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।
सावन शिवरात्रि के अवसर पर मंदिर को विशेष रूप से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस एवं प्रशासन की टीमें पूरी तरह मुस्तैद रहीं। सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुचारु आवागमन को लेकर लगातार निगरानी की गई।
सुबह से लेकर देर शाम तक मंदिर में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। भक्तों की श्रद्धा, भक्ति और भोलेनाथ के जयकारों से प्राचीन दूधेश्वर नाथ मंदिर का पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
सावन शिवरात्रि पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने एक बार फिर गाजियाबाद में भगवान शिव के प्रति लोगों की गहरी आस्था और श्रद्धा को प्रदर्शित किया।












