“हर घर तिरंगा ,अभियान-2026″ के तहत विद्यालयों में देशभक्ति के रंग में रंगा शैक्षिक वातावरण,09 से 17 अगस्त तक माध्यमिक एवं बेसिक शिक्षा विभाग के विद्यालयों में तिरंगा आधारित कला, रंगोली, पेंटिंग, तिरंगा यात्रा एवं सामान्य ज्ञान प्रतियोगिताओं का आयोजित
समवाददाता सायरा सूर्यवंशी एनसीआर नोएडा



गौतमबुद्धनगर 13 अगस्त, 2026 उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के क्रम में “हर घर तिरंगा,🇮🇳 अभियान-2026” के अंतर्गत जनपद के माध्यमिक एवं बेसिक शिक्षा विभाग से संचालित विद्यालयों में 09 से 17 अगस्त 2026 तक विभिन्न देशभक्ति एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रीय एकता एवं देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को और अधिक मजबूत करना है।अभियान के अंतर्गत विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करते हुए विद्यालय परिसर को तिरंगे के रंगों एवं देशभक्ति की भावना से सजाया जा रहा है। विद्यार्थियों द्वारा विद्यालयों की दीवारों एवं सूचना पट्टों पर तिरंगे से प्रेरित कलाकृतियां, देशभक्ति संदेश एवं चित्रकारी तैयार की जा रही है। इससे विद्यालयों में रचनात्मकता के साथ-साथ राष्ट्रीय चेतना का वातावरण भी विकसित हो रहा है। विद्यालयों में तिरंगा 🇮🇳रंगोली प्रतियोगिता एवं देशभक्ति आधारित पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। छात्र-छात्राएं तिरंगे के तीनों रंगों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता, स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान तथा राष्ट्र निर्माण से जुड़े संदेशों को रचनात्मक रूप प्रदान कर रहे हैं। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों को प्रतिभाग करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे उनमें कला, सृजनात्मकता, टीम भावना एवं सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना का विकास हो रहा है। अभियान के दौरान विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा तिरंगा यात्रा भी आयोजित की जा रही है। तिरंगा 🇮🇳यात्रा के माध्यम से विद्यार्थियों द्वारा आमजन को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, देश की एकता-अखंडता तथा राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। तिरंगा यात्रा में विद्यार्थी हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति के नारों एवं संदेशों के साथ सहभागिता कर रहे हैं।विद्यार्थियों में देश के इतिहास, स्वतंत्रता आंदोलन, संविधान, राष्ट्रीय प्रतीकों एवं महापुरुषों के संबंध में जानकारी बढ़ाने के उद्देश्य से सामान्य ज्ञान प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जा रहा है। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को देश के गौरवशाली इतिहास एवं लोकतांत्रिक मूल्यों से परिचित कराने का प्रयास किया जा रहा है। हर घर तिरंगा 🇮🇳अभियान के अंतर्गत आयोजित इन कार्यक्रमों में प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यालय स्टाफ विद्यार्थियों को सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित कर रहे हैं। विद्यालयों में तिरंगा सजावट, देशभक्ति गीत, भाषण, निबंध लेखन, पोस्टर निर्माण तथा अन्य रचनात्मक गतिविधियों को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। शिक्षा विभाग की ओर से विद्यालयों को यह सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है कि अभियान के सभी कार्यक्रम राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा एवं निर्धारित नियमों का पालन करते हुए उत्साहपूर्वक आयोजित किए जाएं। यह जानकारी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार द्वारा दी गई। गौतमबुद्धनगर।












