‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत भव्य तिरंगा कॉन्सर्ट का आयोजन, देशभक्ति की प्रस्तुतियों ने बांधा समां,वर्ष 2047 के विकसित भारत के लक्ष्य में राष्ट्रीय पर्वों की महत्वपूर्ण भूमिका : सांसद अतुल गर्ग
पवन सूर्यवंशी ब्यूरो चीफ़ ऑल एनसीआर










तिरंगा कॉन्सर्ट में सांसद अतुल गर्ग का आह्वान— हर घर पर फहराएं तिरंगा, राष्ट्र निर्माण में निभाएं अपनी भूमिका,विधायक श्री संजीव शर्मा और मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ ने किया प्रतिभागियों को सम्मानित
गाजियाबाद। दिनांक 13 अगस्त 2026 जिला प्रशासन गाजियाबाद द्वारा “हर घर तिरंगा” अभियान एवं “वंदे मातरम्” के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, नेहरू नगर में भव्य तिरंगा कॉन्सर्ट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर कर दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय सांसद, लोकसभा श्री अतुल गर्ग ने अपने संबोधन में कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश का गौरवशाली राष्ट्रीय पर्व है। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे देश वर्ष 2047 के स्वतंत्रता शताब्दी वर्ष तथा विकसित भारत के लक्ष्य की ओर अग्रसर हो रहा है, वैसे-वैसे राष्ट्रीय पर्वों के प्रति देशवासियों की श्रद्धा, सहभागिता एवं समर्पण की भावना और अधिक सशक्त हो रही है। कार्यक्रम स्थल पर शंभू दयाल इंटर कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स तथा गुरु नानक इंटर कॉलेज की छात्राओं के बैंड द्वारा अतिथियों का स्वागत किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी श्री कुमार सौरभ एवं मुख्य अतिथि माननीय सांसद श्री अतुल गर्ग द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। स्वागत संबोधन में मुख्य विकास अधिकारी श्री कुमार सौरभ ने बताया कि 9 अगस्त से 17 अगस्त तक चल रहे “हर घर तिरंगा” अभियान के अंतर्गत जनपद के विभिन्न कार्यालयों, संस्थानों, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में प्रतिदिन विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें छात्र-छात्राओं एवं आमजन की सक्रिय सहभागिता देखने को मिल रही है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने घरों पर तिरंगा फहराकर अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया। “वंदे मातरम्” के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सुशीला गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्राओं द्वारा संपूर्ण वंदे मातरम् का सामूहिक गायन प्रस्तुत किया गया, जिसमें सभागार में उपस्थित सभी लोगों ने खड़े होकर सहभागिता की। कार्यक्रम में रानी लक्ष्मीबाई के जीवन पर आधारित नृत्य-नाटिका, श्री ठाकुरद्वारा बालिका विद्यालय की छात्राओं द्वारा “हर घर तिरंगा” विषयक नृत्य प्रस्तुति तथा नींव शक्ति संस्था के दिव्यांग बच्चों द्वारा सामूहिक देशभक्ति कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। इसके अतिरिक्त हाईटेक वर्ल्ड स्कूल के विद्यार्थियों एवं कलाकार उज्ज्वल द्वारा कथक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। प्रसिद्ध गायक गौरव शर्मा ने अपने देशभक्ति गीतों की लाइव प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का संचालन बेसिक शिक्षा विभाग की डॉ. पूनम शर्मा द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिला उद्योग केंद्र, बेसिक शिक्षा विभाग, स्वयं सहायता समूह एवं खादी विभाग द्वारा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी एवं स्टॉल भी लगाए गए, जिनके माध्यम से नागरिकों को योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम के समापन पर मुख्य अतिथि माननीय सांसद श्री अतुल गर्ग, माननीय विधायक श्री संजीव शर्मा तथा मुख्य विकास अधिकारी श्री कुमार सौरभ द्वारा सभी प्रतिभागी कलाकारों एवं विद्यार्थियों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर परियोजना निदेशक श्री प्रदीप पांडेय, जिला विकास अधिकारी सुश्री प्रज्ञा श्रीवास्तव, जिला प्रोबेशन अधिकारी श्री मनोज पुष्कर, जिला विद्यालय निरीक्षक श्री बुद्ध प्रिय, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री ओ.पी. यादव, उप कृषि निदेशक श्री आशीष श्रीवास्तव, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी श्री अंशुल चौहान, जिला खेल अधिकारी, समाज कल्याण अधिकारी एवं सुश्री नेहा वालिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।












