तिरंगा यात्रा में उमड़ा राष्ट्रभक्ति का सैलाब, निषाद पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने लिया एकता-अखंडता का संकल्प।
संवादाता अमन अहमद
एटा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गुरुवार को एटा शहर में भाजपा द्वारा भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। उत्तर प्रदेश सरकार के ऊर्जा राज्य मंत्री कैलाश राजपूत, एटा लोकसभा के निवर्तमान सांसद राजवीर सिंह उर्फ राजू भैया और सदर विधायक विपिन वर्मा ‘डेविड’ के नेतृत्व में निकली यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा एवं निषाद पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता और निषाद पार्टी जिलाध्यक्ष राकेश कश्यप के पर्यवेक्षण में तिरंगा यात्रा जीटी रोड स्थित शहीद पार्क से शुरू होकर घंटाघर होते हुए मेहता पार्क तक पहुंची। यात्रा के दौरान पूरा शहर ‘वंदे मातरम’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों से गूंज उठा। हाथों में तिरंगा लेकर चल रहे कार्यकर्ताओं और नागरिकों में देशभक्ति का उत्साह देखते ही बना। यात्रा में विभिन्न वर्गों के लोगों के साथ स्कूलों के विद्यार्थी, व्यापारी और चिकित्सक भी शामिल हुए। निषाद पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने तिरंगा यात्रा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प लिया। इस दौरान जिला महासचिव ठा. अजीत सिंह सोलंकी, शहर अध्यक्ष राजू कश्यप, महिला मोर्चा अध्यक्ष कु. सर्वेश गिहार, युवा मोर्चा प्रमुख महासचिव असद अहमद अब्बास समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। यात्रा के दौरान तिरंगे लहराते हुए लोगों ने देश की आजादी और राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का संदेश दिया।












