प्रतापगढ़ ट्रैक्टर की टक्कर से साइकिल सवार अधेड़ की मौत
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा प्रतापगढ़। पट्टी कोतवाली क्षेत्र के कंजा गांव निवासी 55 वर्षीय रामजनक वर्मा की सड़क हादसे में मौत हो गई। शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे वह साइकिल से मकरा गांव गए थे। वापस लौटते समय मजीठी ईंट भट्ठे के पास एक अज्ञात ट्रैक्टर ने उनकी साइकिल में टक्कर मार दी।
हादसे में रामजनक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पट्टी पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक के भतीजे संतराम के मुताबिक, हादसे के बाद रामजनक ने सिर्फ “ट्रैक्टर” शब्द कहा था। इससे आशंका है कि किसी ट्रैक्टर ने उनकी साइकिल में टक्कर मारी। हादसे में साइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई थी और रामजनक के सीने व पैर में गंभीर चोटें आई थीं।
मौत की खबर मिलते ही पत्नी सुमित्रा देवी, बेटे लक्ष्मी राम, बेटी शिल्पी समेत परिजन अस्पताल पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि मृतक के बेटे की शादी करीब दो माह पहले ही हुई थी, जबकि बेटी शिल्पी की शादी अभी नहीं हुई है।
सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच शुरू कर दी है। अज्ञात ट्रैक्टर और चालक की तलाश की जा रही है।












