शिक्षा जगत के पुरोधा अमर बहादुर सिंह ‘लाट बाबू’ को 13वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि
जिला संवाददाता अमित शुक्ला
कुंडा/प्रतापगढ़। शिक्षा जगत के पुरोधा एवं प्रसिद्ध समाजसेवी स्वर्गीय अमर बहादुर सिंह ‘लाट बाबू’ की 13वीं पुण्यतिथि पर रविवार को नगर पंचायत हीरागंज के बहोरिकपुर स्थित बाबू अमर बहादुर सिंह शिक्षण संस्थान में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई।
कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, शिक्षकों, समाजसेवियों एवं स्थानीय लोगों ने स्व. अमर बहादुर सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष विजय राज सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने स्व. अमर बहादुर सिंह ‘लाट बाबू’ के शिक्षा एवं समाजसेवा के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि लाट बाबू ने शिक्षा को समाज के विकास का मजबूत आधार माना और इसके प्रसार के लिए अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके प्रयासों से क्षेत्र में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ी तथा अनेक लोगों को आगे बढ़ने का अवसर मिला।
वक्ताओं ने कहा कि स्व. अमर बहादुर सिंह के विचार, शिक्षा के प्रति समर्पण और समाजसेवा की भावना आज भी लोगों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उपस्थित लोगों ने उनके आदर्शों को आत्मसात करने और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर कई पत्रकार बंधु समेत बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।












