शारदा सहायक नहर में डूबे शिवम का 12 घंटे बाद भी सुराग नहीं, नैनी से पहुंची जल पुलिस की 11 सदस्यीय टीम

शारदा सहायक नहर में डूबे शिवम का 12 घंटे बाद भी सुराग नहीं, नैनी से पहुंची जल पुलिस की 11 सदस्यीय टीम
जिला संवाददाता अमित शुक्ला
बिहार/प्रतापगढ़। बिहार ब्लॉक क्षेत्र के टेकी पट्टी ग्राम सभा अंतर्गत हरबसपुर गांव निवासी 16 वर्षीय शिवम मिश्रा उर्फ फौजी के शारदा सहायक नहर में गिरने के बाद से तलाश अभियान लगातार जारी है। घटना के करीब 12 घंटे बाद भी सोमवार सुबह चार बजे तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे घटनास्थल पर ही शिवम के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
बताया गया कि शिवम मिश्रा पुत्र अरुण कुमार मिश्रा रविवार शाम शारदा सहायक नहर के पुल पर कुछ बच्चों के साथ बैठा था। इसी दौरान अचानक असंतुलित होकर वह नहर में गिर गया। उसके साथ मौजूद बच्चों की गुहार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल नहर में जाल डालकर उसकी तलाश शुरू कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नैनी, प्रयागराज से जल पुलिस की 11 सदस्यीय टीम भी मौके पर पहुंची। जल पुलिस ने स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों के साथ मिलकर नहर में व्यापक स्तर पर खोजबीन शुरू की। देर रात तक नहर के कई हिस्सों में तलाश अभियान चलाया गया, लेकिन शिवम का कोई पता नहीं चल सका।
उपजिलाधिकारी कुंडा अजय यादव के निर्देश पर थाना प्रभारी बाघराय श्रवण कुमार और बिहार चौकी इंचार्ज सत्यम तिवारी अपनी पुलिस टीम के साथ लगातार मौके पर मौजूद रहे। पुलिस और जल पुलिस की टीम पूरी रात तलाश अभियान में जुटी रही, जबकि बड़ी संख्या में ग्रामीण भी खोजबीन में सहयोग करते रहे।
सोमवार सुबह चार बजे तक लगातार प्रयास के बावजूद शिवम का सुराग न मिलने से परिजनों की चिंता और बढ़ गई है। घटनास्थल पर परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिवम की तलाश लगातार जारी है और नहर के संभावित स्थानों पर गहनता से खोजबीन की जा रही है।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें