प्रतापगढ़ मानदेय वृद्धि की सौगात से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं में खुशी की लहर
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा
प्रतापगढ़।
तुलसीसदन सभागार में देखा गया मुख्यमंत्री के सम्मान समारोह का सजीव प्रसारण
प्रतापगढ़। तुलसीसदन (हादीहाल) सभागार में मंगलवार को अयोध्या से आयोजित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के सम्मान समारोह और नव नियुक्त कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा और सुना गया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ के संबोधन का लाइव प्रसारण भी किया गया।
इस अवसर पर विधायक विश्वनाथगंज जीतलाल पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. राममोहन मीना, विधायक सदर प्रतिनिधि अरुण कुमार मौर्य, जिला कार्यक्रम अधिकारी ज्योति शाक्य, बाल विकास परियोजना अधिकारी, मुख्य सेविकाएं, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, सहायिकाएं एवं विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी उपस्थित रहे।
अयोध्या के राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि की घोषणा की। घोषणा के अनुसार आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय 8 हजार रुपये से बढ़ाकर 12 हजार रुपये तथा सहायिकाओं का मानदेय 4 हजार रुपये से बढ़ाकर 6 हजार रुपये किया जाएगा। इसके साथ ही 5 लाख रुपये तक के स्वास्थ्य बीमा कवर तथा साड़ी के लिए अतिरिक्त वित्तीय सहायता देने की भी घोषणा की गई।
मुख्यमंत्री की इन घोषणाओं का तुलसीसदन सभागार में मौजूद आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं ने स्वागत किया। मानदेय वृद्धि और अन्य सुविधाओं की घोषणा के बाद उनके बीच खुशी की लहर दिखाई दी। कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं ने सरकार के इस निर्णय को उनके हित में महत्वपूर्ण कदम बताया।
इस अवसर पर विधायक विश्वनाथगंज जीतलाल पटेल ने मानदेय वृद्धि पर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं महिला एवं बाल विकास से जुड़ी योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं और मानदेय वृद्धि से उनका मनोबल बढ़ेगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा की गई मानदेय वृद्धि की घोषणा सराहनीय कदम है।
उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण और उनके हितों के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा संचालित महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी दी गई। इसमें अनुपूरक पुष्टाहार, शालापूर्व शिक्षा, पोषण एवं स्वास्थ्य शिक्षा, टीकाकरण, स्वास्थ्य जांच, संदर्भन तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना शामिल रही।
समारोह में विभागीय योजनाओं के तहत सामुदायिक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। पांच गर्भवती लाभार्थियों सुमन, प्रियंका, नंदनी, अंजली एवं निधि की गोदभराई कराई गई। वहीं दो लाभार्थियों रेयांश एवं बेबी का अन्नप्राशन कराया गया।
इसके अलावा 10 लाभार्थियों नैना, निहार, दृष्टि, अथर्व, रिंशू, वैदेही, अरविंद, यशी, उमर एवं अनाया को पोषण पोटली वितरित की गई। आंगनबाड़ी केंद्रों पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
जनपद प्रतापगढ़ के सभी विकास खंडों में भी इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण दिखाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं एवं लाभार्थियों ने सहभागिता की।












