एटा-अलीगढ़ हाईवे पर खड़े ट्रक में घुसी डिजायर, पांच लोग गंभीर घायल।
संवादाता अमन अहमद। एटा। थाना पिलुआ क्षेत्र में एटा-अलीगढ़ मार्ग पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गांव पुठिया के पास हाईवे पर सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कार सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि कार सवार सभी लोग अलीगढ़ की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान पुठिया गांव के पास हाईवे पर खड़े ट्रक से कार की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी और घायलों की मदद के लिए मौके पर पहुंच गए।
हादसे की सूचना मिलते ही थाना पिलुआ पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। घायलों की पहचान किनावर, नगला कोट, थाना बिछवां, जिला मैनपुरी निवासी के रूप में बताई जा रही है।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जानकारी जुटाई और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं, क्षतिग्रस्त कार और ट्रक के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।











