एटा के कलेक्ट्रेट कर्मचारियों ने लखनऊ में लहराया परचम, दो पदों पर शानदार जीत
संवाददाता मुकेश कुमार
एटा। उत्तर प्रदेशीय मिनिस्ट्रीयल कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ के 60वें प्रान्तीय अधिवेशन में एटा जनपद के कर्मचारियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए संगठन के महत्वपूर्ण पदों पर जीत दर्ज की है। लखनऊ में 12 सितंबर को आयोजित अधिवेशन में एटा के दो कर्मचारियों ने चुनाव जीतकर जिले का नाम रोशन किया।
अधिवेशन में अनन्त कुमार शर्मा ने जोनल-5, जिसमें आगरा, अलीगढ़ और बरेली मंडल शामिल हैं, के अध्यक्ष पद पर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 11 मतों से पराजित कर जीत हासिल की। वहीं अभिषेक कुमार ने अलीगढ़ मंडल अध्यक्ष पद पर 88 मतों के बड़े अंतर से विजय प्राप्त की।
दोनों कर्मचारियों की जीत की खबर मिलते ही एटा कलेक्ट्रेट में खुशी का माहौल बन गया। सहकर्मियों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी। जिलाधिकारी एटा सहित कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने भी अनन्त कुमार शर्मा एवं अभिषेक कुमार को शुभकामनाएं दीं।
कर्मचारियों ने कहा कि दोनों पदाधिकारियों की जीत एटा जनपद के लिए गौरव की बात है। इससे जिले के कलेक्ट्रेट कर्मचारियों का संगठन में प्रतिनिधित्व और मजबूत हुआ है। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संगठन के हित में पूरी निष्ठा से कार्य करने तथा कर्मचारियों की समस्याओं को मजबूती से उठाने का भरोसा दिलाया











