नोएडा : डे-केयर में 15 महीने की मासूम पर बर्बरता, केयरटेकर गिरफ्तार, CCTV वीडियो वायरल
नोएडा। उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर-137 स्थित पारस टिएरा सोसाइटी के एक डे-केयर और प्ले स्कूल से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां 15 महीने की मासूम बच्ची को महिला अटेंडेंट सोनाली ने बेरहमी से पीटा, दीवार में सिर मारा और जमीन पर पटक दिया। यह पूरी वारदात डे-केयर के सीसीटीवी में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, बच्ची के लगातार रोने पर जब मां उसे डॉक्टर के पास लेकर गई तो बच्ची के पैर पर दांत से काटने के निशान मिले। इसके बाद परिजनों ने डे-केयर का सीसीटीवी फुटेज देखा तो हैवानियत का सच सामने आ गया। बच्ची के पिता संदीप ने तुरंत पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई, जिसके बाद आरोपी केयरटेकर को गिरफ्तार कर लिया गया है।
इस घटना ने एक बार फिर बच्चों की देखभाल करने वाली सुविधाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कामकाजी महिलाएं अपने बच्चों को सुरक्षित समझकर डे-केयर में छोड़ती हैं, लेकिन इस मामले ने भरोसे को गहरी चोट पहुंचाई है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और डे-केयर संचालकों से भी पूछताछ की जा रही है।
ये भी पढ़ें गर्मी से गौमाता की मौत, नितिन सनातनी की टीम ने किया अंतिम संस्कार












