ट्रक मालिक की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े परिजन, शव उठाने से किया इनकार
संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के संग्रामगढ़ गांव का मामला
प्रतापगढ़। संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के संग्रामगढ़ गांव में डंपर चालक मनोज कुमार सोनकर की हत्या के मामले में परिजनों ने शव उठाने से इनकार कर दिया है। परिजन ट्रक मालिक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मौके पर डटे हुए हैं।
मृतक की माता और पत्नी का कहना है कि जब तक ट्रक मालिक की गिरफ्तारी नहीं होती और सक्षम अधिकारी मौके पर पहुंचकर उनकी मांगों पर कार्रवाई का स्पष्ट आश्वासन नहीं देते, तब तक वे शव को नहीं उठने देंगे।
परिजनों के इस रुख के बाद मौके पर पुलिस बल मौजूद है। पुलिस अधिकारियों द्वारा परिजनों और ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, घटना को लेकर परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश बना हुआ है।
फिलहाल पुलिस मामले की स्थिति को संभालने और परिजनों को समझाने में जुटी है। मामले में आगे की कार्रवाई और जांच के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।










