खबर का असर, कैंसर पीड़ित परिवार को मिली पक्की छत की आस
समाजसेवी आनंद पांडेय के सहयोग से शुरू हुआ मकान निर्माण
संवाददाता दीप चन्द्र पाण्डेय
कुंडा/प्रतापगढ़। रायगढ़-कुटलिया गांव निवासी कैंसर पीड़ित ललता प्रसाद पांडेय के परिवार के लिए अब राहत की उम्मीद जगी है। आर्थिक तंगी और जर्जर कच्चे मकान में जीवन गुजार रहे परिवार की स्थिति सामने आने के बाद समाजसेवी आनंद पांडेय ने मदद का हाथ बढ़ाया। उनके सहयोग से परिवार के लिए पक्के मकान का निर्माण कार्य शुरू हो गया है।
मकान निर्माण की स्थिति का जायजा लेने के लिए पत्रकार देवी शरण मिश्र संगम, विश्वदीपक त्रिपाठी और प्रिंस पांडेय समेत अन्य लोग रायगढ़ पहुंचे। उन्होंने परिवार से मुलाकात कर उनका हाल जाना और निर्माणाधीन मकान का निरीक्षण किया।
ललता प्रसाद पांडेय लंबे समय से बीमारी से जूझ रहे हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण पक्के मकान का निर्माण कराना उनके लिए संभव नहीं था। ऐसे में आनंद पांडेय की पहल और सहयोग से निर्माण कार्य शुरू होने से परिवार को बड़ी राहत मिली है।
मकान निर्माण की पहल पर ग्रामीणों ने सहयोग के लिए आनंद पांडेय के साथ मदद के लिए आगे आए सभी लोगों के प्रति आभार जताया। ग्रामीणों का कहना है कि आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवार के लिए पक्की छत का इंतजाम होना बड़ी राहत की बात है।
परिवार ने भी इस सहयोग के लिए समाजसेवी आनंद पांडेय और सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।










