बारिश में जर्जर मकान भरभराकर गिरा, तीन बच्चे बाल-बाल बचे
परिवार ने प्रशासन से आवास और आर्थिक सहायता की लगाई गुहार
संवाददाता – सदानंद द्विवेदी
प्रतापगढ़। लगातार हो रही बारिश के बीच एक जर्जर मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय घर में मौजूद तीन बच्चे बाल-बाल बच गए। हालांकि, घटना में बच्चों को हल्की चोटें आने की बात सामने आई है।
बताया जा रहा है कि मकान करीब पांच वर्षों से जर्जर हालत में था। परिवार की ओर से मकान की स्थिति को लेकर कई बार आवेदन भी किए गए थे। बारिश के बीच अचानक मकान गिरने से परिवार के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर लेखपाल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन की ओर से फिलहाल पीड़ित परिवार को तिरपाल और राशन उपलब्ध कराया गया है।
परिवार के प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए पहले से चयनित होने की बात भी बताई जा रही है। परिजनों ने प्रशासन से जल्द से जल्द आवास उपलब्ध कराने के साथ आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग की है।











