प्रतापगढ़ पट्टी के ऐतिहासिक दशहरा मेले में तैनात होगा पर्याप्त पुलिस बल
एसपी दीपक भूकर से मिले मेला कमेटी के पदाधिकारी, 27 नवंबर से शुरू होगा आयोजन
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा
प्रतापगढ़। पट्टी नगर के ऐतिहासिक दशहरा मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं। मेले में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए बुधवार को मेला कमेटी के पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर से मुलाकात की। इस दौरान पदाधिकारियों ने एसपी को मेले की तैयारियों की जानकारी दी और पिछले वर्ष प्रकाशित मेला रिपोर्ट पत्रिका भेंट की। साथ ही मेले के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने की मांग की।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने कमेटी के पदाधिकारियों को मेले के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
पट्टी का ऐतिहासिक दशहरा मेला 27 नवंबर से शुरू होगा। पहले दिन चमन चौक से भगवान श्रीराम की शोभायात्रा निकाली जाएगी। देर शाम मेला मैदान में रावण वध का कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके बाद 29 नवंबर की रात भरत मिलाप के लिए चौकियां निकलनी शुरू होंगी, जबकि 30 नवंबर को नगर के मुख्य मार्ग पर भरत मिलाप का आयोजन किया जाएगा।
मेले में हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु और दर्शक पहुंचते हैं। ऐसे में भीड़ को देखते हुए मेला कमेटी ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और पर्याप्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की मांग की है, ताकि सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकें।
मेला कमेटी के अध्यक्ष जुग्गी लाल जायसवाल ने बताया कि एसपी ने मेले के दौरान पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। इस मौके पर महामंत्री अशोक कुमार श्रीवास्तव, सह प्रबंधक राम चरित्र वर्मा समेत कमेटी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।











