लालगंज तहसील में अधिवक्ताओं का हंगामा, एसडीएम का किया घेराव
अनियमितताओं और अधिकारियों-कर्मचारियों की मनमानी के खिलाफ अधिवक्ताओं ने सौंपा ज्ञापन
संवाददाता -सदानंद द्विवेदी
लालगंज-अजहरा, प्रतापगढ़। लालगंज तहसील परिसर में व्याप्त अनियमितताओं और अधिकारियों-कर्मचारियों की कथित मनमानी के विरोध में अधिवक्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। संयुक्त अधिवक्ता संघ के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने एसडीएम वाचस्पति सिंह का घेराव कर अपनी समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपा।
अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि तहसील में मामलों की सुनवाई के बाद भी समय से निर्णय नहीं हो पा रहे हैं और वादकारियों को समय पर आदेश एवं राहत नहीं मिल रही है। इससे अधिवक्ताओं के साथ-साथ आम जनता को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
अधिवक्ताओं ने संबंधित अधिकारियों से समस्याओं का शीघ्र समाधान करने तथा तहसील की कार्यप्रणाली में सुधार लाने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का जल्द निस्तारण नहीं हुआ, तो अधिवक्ता संघ आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।इस दौरान संयुक्त अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं की मौजूदगी रही।











