ऊँचाहार में दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत, दो युवक गंभीर रूप से घायल; एक जिला अस्पताल रेफर
संवाददाता धीरेंद्र कुमार ऊँचाहार, रायबरेली:क्षेत्र में अनियंत्रित रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी के चलते सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। रविवार की शाम कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बंधवा मजरे अरखा गाँव के निकट बाईपास पर दो बाइकों के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस भीषण हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत नाजुक होने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
बहन के घर जा रहा था युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बंधवा मजरे अरखा गाँव निवासी 30 वर्षीय हरिकेश कुमार रविवार की शाम अपनी बाइक से अपनी बहन के घर पट्टी रहस कैथवल गाँव जा रहा था। जब वह अपने गंतव्य के करीब था, तभी गाँव के निकट बाईपास मार्ग पर सामने से आ रहे दूसरे बाइक सवार इंद्रजीत (22 वर्ष), जो कि पट्टी रहस कैथवल का ही रहने वाला है, की बाइक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक अनियंत्रित होकर सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल में चल रहा है इलाज
घटना के तुरंत बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। आसपास के लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए तत्परता दिखाई और दोनों घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ऊँचाहार पहुँचाया।
इस संबंध में जानकारी देते हुए सीएचसी अधीक्षक डॉ. अतुल पांडेय ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल दो युवक अस्पताल लाए गए थे। चिकित्सकों द्वारा उनकी स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल उपचार शुरू किया गया। प्राथमिक जाँच और उपचार के बाद हरिकेश की हालत अधिक नाजुक मिलने पर उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है, जबकि दूसरे घायल का उपचार जारी है। इस दुर्घटना के बाद से घायलों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।












