अधिवक्ताओं की हत्या के विरोध में लालगंज में वकीलों का जोरदार प्रदर्शन, न्यायिक कार्य का बहिष्कार
संवाददाता- सदानंद द्विवेदी लालगंज, प्रतापगढ़। प्रदेश में अधिवक्ताओं की लगातार हो रही हत्याओं के विरोध में सोमवार को लालगंज तहसील में अधिवक्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। दो अधिवक्ताओं की हत्या से आक्रोशित वकीलों ने तहसील गेट पर जमकर नारेबाजी करते हुए सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ अपना विरोध जताया।
प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य का बहिष्कार किया, जिससे तहसील में कामकाज प्रभावित रहा। वकीलों ने हत्यारोपियों पर सख्त कार्रवाई करने, उन्हें गिरफ्तार कर हथकड़ी लगाने तथा अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
अधिवक्ताओं का कहना था कि आए दिन वकीलों पर हमले और हत्याओं की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन उनकी सुरक्षा को लेकर ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। उन्होंने सरकार से अधिवक्ता सुरक्षा कानून लागू करने की भी मांग की।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे और अपनी एकजुटता दिखाते हुए सुरक्षा की मांग को लेकर आवाज बुलंद की।











