सरकारी योजनाओं की बेहतर योजना और विकास के लिए सटीक आंकड़े जरूरी : उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ

सरकारी योजनाओं की बेहतर योजना और विकास के लिए सटीक आंकड़े जरूरी : उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ

एनएसओ की सर्वेक्षण टीम को सही जानकारी उपलब्ध कराने की अपील, नवंबर माह में पानीपत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में होंगे सर्वेक्षण

पानीपत, हरियाणा। सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और विकास की सही दिशा तय करने में सांख्यिकीय आंकड़ों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। सटीक आंकड़ों के आधार पर ही सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास नीतियों का निर्धारण करती है। यह बात उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कही। उन्होंने जिले के नागरिकों, परिवारों और उद्यमियों से नवंबर माह में राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ), भारत सरकार की सर्वेक्षण टीमों को पूरा सहयोग देने तथा सही और तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की।

उपायुक्त ने बताया कि सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय वर्ष 1950 से परिवारों और विभिन्न प्रतिष्ठानों से आर्थिक एवं सामाजिक परिस्थितियों से जुड़ी जानकारियां एकत्रित कर रहा है। इन आंकड़ों का उपयोग राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर विकास योजनाओं के निर्माण तथा नीतियों के निर्धारण में किया जाता है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सर्वेक्षण के दौरान परिवारों और प्रतिष्ठानों से प्राप्त होने वाली व्यक्तिगत जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रखी जाती हैं। किसी भी व्यक्ति, परिवार या प्रतिष्ठान की पहचान रिपोर्ट अथवा प्रकाशित आंकड़ों में सार्वजनिक नहीं की जाती। इन सूचनाओं का उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए किया जाता है।

इन क्षेत्रों में होगी सर्वेक्षण टीम की पहुंच

उपायुक्त के अनुसार, जिले में राष्ट्रीय घरेलू आय सर्वेक्षण के लिए समालखा के वार्ड नंबर-3 स्थित ऑफिसर्स कॉलोनी के नजदीकी क्षेत्र को चयनित किया गया है। आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण के तहत पानीपत की बत्रा कॉलोनी में सर्वेक्षण किया जाएगा।

इसी प्रकार ऋण एवं निवेश तथा कृषक परिवारों की स्थिति का आकलन करने के लिए उझा खेड़ी के वार्ड नंबर-15 और पानीपत के वार्ड नंबर-26, सेक्टर-8 को चयनित किया गया है।

असंगठित क्षेत्र के उद्यमों के वार्षिक सर्वेक्षण के लिए पानीपत के विकास नगर, इसराना तहसील के चमराड़ा गांव के वार्ड नंबर-83 और समालखा तहसील के कमासपुर गांव के वार्ड नंबर-33 में सर्वेक्षण किया जाएगा।

वहीं प्रवासन संबंधी जानकारी जुटाने के लिए समालखा, पानीपत के वार्ड नंबर-7, समालखा तहसील के महराणा/महाली गांव के वार्ड नंबर-23 तथा इसराना तहसील के वार्ड नंबर-66 और 67 को सर्वेक्षण के लिए चुना गया है।

उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि सर्वेक्षण में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि सर्वेक्षण अधिकारियों को सही जानकारी दें और किसी भी प्रकार की गलत या अधूरी सूचना देने से बचें। उन्होंने कहा कि आंकड़ों की विश्वसनीयता ही बेहतर नीति निर्धारण और विकास की मजबूत नींव है। सामूहिक सहयोग से ही भविष्य की योजनाओं को वास्तविक जरूरतों के अनुरूप तैयार किया जा सकता है।

जिला क्राइम रिपोर्टर: सागर गोयल दैनिक चक्र | पानीपत, हरियाणा

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें