दो भाइयों की मारपीट में बीच-बचाव करने गए व्यक्ति की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या
जिला संवाददाता अमित शुक्ला
महेशगंज थाना क्षेत्र के पूरे धूनू में सनसनी, वारदात के बाद गांव में तनाव—परिजनों में मचा कोहराम
प्रतापगढ़। महेशगंज थाना क्षेत्र के पूरे धूनू का पुरवा, नगर पंचायत डेरवा में रविवार को दो भाइयों के बीच हो रही मारपीट में बीच-बचाव करना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। विवाद शांत कराने पहुंचे अमृतलाल पटेल पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल अमृतलाल की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि दो भाइयों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते दोनों के बीच मारपीट होने लगी। इसी दौरान अमृतलाल पटेल बीच-बचाव कर दोनों को शांत कराने पहुंचे। आरोप है कि इसी दौरान हमलावरों ने अमृतलाल को निशाना बनाते हुए लाठी-डंडों से जमकर पीट दिया।
हमले में अमृतलाल गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन हालत नाजुक होने के चलते उनकी जान नहीं बच सकी। मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही महेशगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी। पुलिस आरोपितों की भूमिका और विवाद के कारणों की जानकारी जुटा रही है। मामले में तहरीर और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
अमृतलाल पटेल की मौत की खबर से पूरे धूनू का पुरवा शोक में डूब गया। जिस विवाद को शांत कराने के लिए वह आगे आए थे, उसी विवाद ने उनकी जिंदगी छीन ली। घटना को लेकर ग्रामीणों में भी आक्रोश और तनाव का माहौल है।











