एनटीपीसी ऊँचाहार ने धूमधाम से मनाया 52वां स्थापना दिवस, 4 हजार पौधे लगाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
संवाददाता धीरेंद्र कुमार
ऊँचाहार (रायबरेली)। एनटीपीसी के 52वें स्थापना दिवस के अवसर पर फिरोज गांधी ऊँचाहार ताप विद्युत परियोजना में हर्षोल्लास के साथ भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान सांस्कृतिक एवं मनोरंजक कार्यक्रमों के साथ पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में कई महत्वपूर्ण पहल की गईं।
कार्यक्रम का शुभारंभ अरखा ऐश डाइक के निकट वृक्षारोपण अभियान से हुआ। जिला वन विभाग के सहयोग से आयोजित इस अभियान में लगभग 4,000 पौधे लगाए गए। इसके बाद परियोजना परिसर में कार्यकारी निदेशक एवं परियोजना प्रमुख बिस्वा मोहन सिंह ने ध्वजारोहण कर मुख्य समारोह का शुभारंभ किया।

अपने संबोधन में उन्होंने एनटीपीसी की गौरवशाली 51 वर्षों की यात्रा, राष्ट्र निर्माण में संस्थान के योगदान और कर्मचारियों के समर्पण की सराहना की। समारोह के दौरान केक कटिंग, एनटीपीसी क्विज तथा सतर्कता प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
वहीं, पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा दक्षता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण भी किया गया। इनमें स्टेज-IV में सोलर कार पोर्ट, 160 किलोवाट रूफटॉप सोलर प्लांट, सीएलओ-टू (CLO₂) प्रणाली और वर्षा जल संचयन जैसी महत्वपूर्ण पहल शामिल रहीं।
एनटीपीसी के 52वें स्थापना दिवस पर आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्युत उत्पादन के साथ पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता का संदेश दिया गया।











