बेंती में बागेश्वर धाम सरकार की कथा को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, डीएम-एसपी ने पुलिस बल को किया ब्रीफ
संवाददाता अमित सिंह कुंडा प्रतापगढ़। जनपद प्रतापगढ़ के बेंती में आयोजित होने वाली श्री बागेश्वर धाम सरकार की धार्मिक कथा को लेकर प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह अलर्ट हो गया है। कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। कार्यक्रम स्थल सहित आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
इसी क्रम में सोमवार, 16 नवंबर 2026 को जिलाधिकारी प्रतापगढ़ अभिषेक पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी), क्षेत्राधिकारी कुण्डा सहित अन्य जनपदों से आए राजपत्रित अधिकारियों की मौजूदगी में पुलिस बल को ब्रीफ किया।
इस दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल एवं आसपास की सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और कानून-व्यवस्था से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की। साथ ही ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम एवं व्यवस्थित बनाए रखा जाए तथा किसी भी आकस्मिक परिस्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल पूरी तरह तैयार रहे। कार्यक्रम के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर ने बताया कि धार्मिक कथा के दृष्टिगत सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। कार्यक्रम स्थल और आसपास पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके।











