एटा सकरौली राजवाह में सफाई अभियान जारी, पर व्यवस्था बेपटरी, किसानों ने उठाए सवाल
संवाददाता योगेन्द्र सिंह
एटा। जलेसर के सकरौली राजवाह में सफाई अभियान जारी है। हाथरस ब्रांच से निकले राजवाहे की नगवाई के समीप पोकलेन मशीन से सफाई कराई जा रही है। लेकिन मौके की हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। बंबे की पटरी पर अभी भी बड़ी-बड़ी झाड़ियां खड़ी हैं, जिससे सफाई व्यवस्था पूरी तरह बेपटरी नजर आ रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि सफाई कर्मचारी जल्दबाजी में काम कर रहे हैं। जिस हिसाब से सफाई होनी चाहिए, उस हिसाब से सफाई नहीं हो रही है। पोकलेन मशीन से सिर्फ खानापूर्ति की जा रही है। राजवाहे के अंदर गाद, कूड़ा और झाड़ियां अभी भी जमी हुई हैं। ऐसे में किसानों को समय पर सिंचाई का पानी मिलना मुश्किल होगा। बताया जा रहा है कि सफाई के लिए करोड़ों रुपये का ठेका उठता है, लेकिन ठेकेदार और कर्मचारी मनमानी कर रहे हैं। ठेके की शर्तों का पालन नहीं किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि हर साल सफाई के नाम पर सरकारी धन खर्च हो जाता है, लेकिन धरातल पर उसका असर दिखाई नहीं देता। इस बार भी वही पुराना हाल देखने को मिल रहा है। ग्रामीणों ने एसडीएम पीयूष रावत और डीएम एटा से मांग की है कि सिंचाई विभाग को निर्देशित कर सफाई ठीक ढंग से कराई जाए। मौके पर अधिकारियों से निरीक्षण कराकर सफाई कार्य की गुणवत्ता जांची जाए और लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की जाए।किसानों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो रबी की फसल की सिंचाई प्रभावित होगी। किसानों को भारी नुकसान होगा। ऐसे में किसानों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है।











