प्रतापगढ़: देवी-देवताओं पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में मुकदमा दर्ज, दो आरोपी नामजद
जिला संवाददाता अमित शुक्ला
प्रतापगढ़। सोशल मीडिया पर हिंदू देवी-देवताओं को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के मामले में प्रतापगढ़ जिले के महेशगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। फेसबुक पेज ‘Singer Ruchi Yadav’ पर भगवान शिव और भगवान विष्णु को लेकर की गई कथित टिप्पणी के मामले में पुलिस ने रूचि यादव और छेदी यादव को आरोपी बनाया है।
मामले में सवर्ण आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष कमलेन्द्र मिश्रा उर्फ पवन मिश्रा ने महेशगंज पुलिस को लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया है।
पुलिस अभिलेखों के अनुसार, इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299, 302 और 3(5) के साथ सूचना प्रौद्योगिकी (संशोधन) अधिनियम, 2008 की धारा 67 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
वहीं, सवर्ण आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष कमलेन्द्र मिश्रा उर्फ पवन मिश्रा ने कहा कि धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली कथित बयानबाजी और सोशल मीडिया पर की जाने वाली आपत्तिजनक टिप्पणियों को संगठन बर्दाश्त नहीं करेगा। ऐसी गतिविधियों का संगठन पुरजोर विरोध करेगा और जरूरत पड़ने पर कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की मांग करेगा।
फिलहाल मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है। अब देखना होगा कि जांच के बाद पुलिस इस प्रकरण में क्या कदम उठाती है।











