भागवत कथा के दूसरे दिन संस्कारों पर दिया संदेश
संस्कारवान संतान ही परिवार की असली पूंजी : अमर कृष्ण शास्त्री जी
जिला संवाददाता अमित शुक्ला
भागवत कथा के दूसरे दिन कथावाचक ने श्रद्धालुओं को बताया जीवन में संस्कार और भक्ति का महत्व
बाबागंज, प्रतापगढ़। बाबागंज ब्लॉक के ज्योत का पुरवा झींगुर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के दूसरे दिन कथावाचक आचार्य अमर कृष्ण शास्त्री ने धार्मिक प्रसंगों के माध्यम से श्रद्धालुओं को जीवन का सार समझाया। कथा के दौरान उन्होंने कहा कि मनुष्य को अपनी इच्छाओं पर नियंत्रण रखते हुए परमात्मा की भक्ति और अच्छे कर्मों की ओर बढ़ना चाहिए।
आचार्य ने कहा कि जो वस्तु जिद और हठ से प्राप्त की जाती है, वही आगे चलकर दुख का कारण बन सकती है, जबकि परमात्मा की कृपा से प्राप्त चीज जीवन में आनंद और संतोष प्रदान करती है। उन्होंने श्रद्धालुओं से जीवन में संतोष, संयम और सदाचार अपनाने का आह्वान किया।
संतान के संस्कारों पर विशेष जोर देते हुए कथावाचक ने कहा कि सिर्फ धन-संपत्ति जुटाना ही माता-पिता की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि बच्चों को अच्छे संस्कार देना सबसे बड़ी पूंजी है। संस्कारवान संतान ही माता-पिता का सम्मान बढ़ाती है और परिवार की प्रतिष्ठा को आगे बढ़ाती है। उन्होंने कहा कि बच्चों को धर्म, सेवा, सदाचार और बड़ों के सम्मान की सीख बचपन से ही देनी चाहिए।
कथा के दौरान धार्मिक एवं आध्यात्मिक प्रसंगों का श्रवण कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। कथा स्थल पर भक्ति और श्रद्धा का माहौल बना रहा।
इस अवसर पर मुख्य यजमान ज्ञानेंद्र पांडेय, हेमवती, सौरभ पांडेय, श्रीकृष्ण द्विवेदी, अखंडानंद द्विवेदी, कुंजबिहारी सिंह, अमर कुमार तिवारी, प्रशांत द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।











