एटा: विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर राजनीतिक दलों के साथ बैठक, पारदर्शिता के साथ होगा मतदाता सूची पुनरीक्षण
संवाददाता योगेंद्र सिंह
एटा। विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 की तैयारियों एवं अर्हता तिथि एक जनवरी 2027 के आधार पर चल रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्य पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं आपसी समन्वय के साथ संपन्न कराया जाए। इसके लिए प्रशासन एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए। उन्होंने बताया कि तहसील स्तर पर भी सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठकें आयोजित की जा रही हैं। साथ ही प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में प्राप्त एवं निस्तारित किए जा रहे फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 की प्रतिदिन की प्रगति संबंधी जानकारी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई जा रही है।जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने बूथ लेवल एजेंट के माध्यम से पात्र युवाओं, महिलाओं एवं अन्य छूटे हुए अर्ह नागरिकों के नाम मतदाता सूची में अनिवार्य रूप से जुड़वाने में सक्रिय सहयोग करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे और लोकतंत्र के महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सके। उन्होंने बीएलए एवं बूथ लेवल अधिकारियों को आपसी समन्वय एवं संवाद के साथ कार्य करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई निर्वाचन संबंधी समस्याओं के शीघ्र एवं प्रभावी निराकरण का आश्वासन भी दिया। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी अपर जिलाधिकारी प्रशासन अजय नारायण सिंह ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रक्रिया एवं निर्धारित समय-सारिणी की जानकारी देते हुए राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने-अपने स्तर से व्यापक जागरूकता अभियान चलाकर सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने में सहयोग करें। उन्होंने विशेष रूप से युवा एवं महिला मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करने तथा पुनरीक्षण कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर बल दिया। उल्लेखनीय है कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 निर्धारित है तथा पुनरीक्षण प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत 04 जनवरी 2027 को निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। जनपद में यह कार्यक्रम 17 नवम्बर से 16 दिसम्बर 2026 तक संचालित किया जा रहा है। बैठक में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी विपिन कुमार मोरल, भारतीय जनता पार्टी के महामंत्री सुशील गुप्ता, बहुजन समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सोनी, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के सचिव राजाराम यादव, समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष परवेज जुबेरी, जिला महासचिव भूपेन्द्र प्रजापति, धीरेन्द्र सिंह, आप जिला उपाध्यक्ष मो. शोएब, कांग्रेस से सुरेंद्र सिंह, भानुप्रताप सिंह, अनिल राजपूत, बीजेपी विधानसभा प्रभारी सी.एस. बघेल सहित अन्य राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं निर्वाचन कार्यालय से जितेंद्र कुमार उपस्थित रहे।












