बंधुआ मजदूरी की शिकायत मिलते ही तत्काल कार्रवाई करें अधिकारी, किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी: उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ।
जिला क्राइम रिपोर्टर
सागर गोयल पानीपत हरियाणा।
पानीपत, 25 नवंबर। जिला सचिवालय सभागार में बुधवार को उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने बंधुआ मजदूरी उन्मूलन अधिनियम-1976 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।उपायुक्त ने कहा कि बंधुआ मजदूरी केवल कानून का उल्लंघन नहीं, बल्कि मानव गरिमा और श्रमिकों के मौलिक अधिकारों का गंभीर हनन है। जिले में बंधुआ मजदूरी के लिए मजबूर करने अथवा श्रमिकों का शोषण करने का मामला सामने आता है तो संबंधित विभाग तत्काल संज्ञान लेकर नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें। इस मामले में किसी भी प्रकार की ढिलाई या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।उपायुक्त ने कहा कि हमारा उद्देश्य केवल शिकायतों पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि ऐसी परिस्थितियां पैदा होने से पहले ही उनकी रोकथाम करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बंधुआ मजदूरी से संबंधित शिकायतों की जांच राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) तथा भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय की ओर से जारी दिशा-निर्देशों और नई मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुरूप की जाए। जिला स्तर पर सतर्कता समिति का पुनर्गठन कर उसे सक्रिय बनाया जाए, ताकि श्रमिकों के अधिकारों की निगरानी प्रभावी ढंग से हो सके। उपायुक्त ने कहा कि बाल श्रम और बंधुआ मजदूरी के उन्मूलन के लिए ‘नो चाइल्ड लेबर, नो बॉन्डेड लेबर’ अभियान को प्रभावी रूप से चलाया जाए। सभी ईंट-भ_ों पर कार्यरत श्रमिकों का पूरा रिकॉर्ड तैयार करवाना सुनिश्चित किया जाए। संबंधित विभाग नियमित निरीक्षण करें और श्रमिकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करें। समय समय पर वर्कशॉप का आयोजन करें । उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता प्रत्येक श्रमिक को सम्मानजनक कार्य वातावरण, सुरक्षित जीवन और शोषण से मुक्त माहौल उपलब्ध करवाना है। इस मौके पर विभिन्न विभागों से अधिकारी मौजूद रहे।











