सीएम विंडो और जन संवाद की लंबित शिकायतों पर गंभीरता दिखाएं अधिकारी, समाधान में देरी बर्दाश्त नहीं होगी: उपायुक्त डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ।
जिला क्राइम रिपोर्टर
सागर गोयल पानीपत हरियाणा
पानीपत, 26 नवंबर। हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार वीरवार को उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने जिला सचिवालय सभागार में सभी विभागों के प्रमुखों के साथ बैठक कर सीएम विंडो और जन संवाद से संबंधित लंबित शिकायतों की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को अपने-अपने विभाग की लंबित शिकायतों पर गंभीरता से संज्ञान लेने और उनके समाधान की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समय में समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सीएम विंडो और जन संवाद आम नागरिकों की समस्याओं को सीधे सरकार तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इन दोनों व्यवस्थाओं की निगरानी स्वयं मुख्यमंत्री स्तर पर की जाती है। ऐसे में अधिकारियों को यह समझना होगा कि प्रत्येक शिकायत के पीछे किसी नागरिक की समस्या और उसकी उम्मीद जुड़ी होती है। शिकायतों को केवल औपचारिकता समझकर निपटाने के बजाय उनकी तह तक जाकर वास्तविक समाधान करना सुनिश्चित करें।
उपायुक्त ने कहा कि सीएम विंडो और जन संवाद में आने वाली प्रत्येक शिकायत प्रशासन की जवाबदेही से जुड़ी है। मुख्यमंत्री स्वयं इनकी निगरानी करते हैं, इसलिए किसी भी अधिकारी की ओर से शिकायतों के निपटान में लापरवाही या अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। अधिकारी शिकायतों को लंबित रखने के बजाय उनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान करें। हमारा उद्देश्य केवल लंबित शिकायतों की संख्या कम करना नहीं, बल्कि शिकायतकर्ता को संतुष्ट करना और उसे समय पर न्याय दिलाना होना चाहिए। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को अपने विभाग की लंबित शिकायतों की नियमित समीक्षा करने तथा संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपकर उनका समयबद्ध निपटान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस मौके पर एसडीएम मनदीप कुमार एसडीएम समालखा अमित कुमार एसडीएम इसराना नवदीप सीईओ डॉ किरण नगराधीश टीनू पोसवाल, डीएफओ पाटिल दीपक प्रभाकर, डीडीपीओ राजेश शर्मा, जिला रोजगार अधिकारी रितु चहल, बीडीपीओ शीतल गुलिया,जिला समाज कल्याण अधिकारी, आरओ भूपेंद्र चहल के अलावा कई अन्य विभागों से अधिकारी मौजूद रहे।










