करहल की नई CO ने संभाला कार्यभार, अपराधियों पर सख्ती और जनता को त्वरित न्याय की प्राथमिकता
संवाददाता अमित चौहान
मैनपुरी। करहल क्षेत्र को अब नवागत क्षेत्राधिकारी दीपशिखा सिंह के रूप में नया पुलिस नेतृत्व मिला है। उन्होंने करहल CO का कार्यभार ग्रहण कर क्षेत्र की कानून-व्यवस्था की कमान संभाल ली है। पदभार ग्रहण करते ही उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से क्षेत्र की स्थिति, अपराध की घटनाओं तथा पुलिसिंग से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उनके कार्यभार संभालने के बाद पुलिस महकमे में सक्रियता बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है
नवागत CO दीपशिखा सिंह ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाएगा और शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण कराया जाएगा। महिलाओं, बुजुर्गों और कमजोर वर्गों की सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की गश्त और निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।
दीपशिखा सिंह ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय अपराध नियंत्रण में अहम भूमिका निभाता है। इसलिए आमजन से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को समझना और उनका समाधान करना पुलिस की जिम्मेदारी है।
नवागत CO के सख्त तेवरों से अपराधियों में खलबली की स्थिति है, वहीं क्षेत्रवासियों को बेहतर पुलिसिंग और त्वरित न्याय की उम्मीद जगी है। उन्होंने साफ संदेश दिया कि कानून तोड़ने वालों के खिलाफ पुलिस पूरी सख्ती से कार्रवाई करेगी और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।









