प्रयागराज – संगम नगरी में फिर बढ़ा बाढ़ का खतरा, गंगा-यमुना का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा
प्रयागराज। संगम नगरी प्रयागराज में एक बार फिर बाढ़ का खतरा बढ़ता जा रहा है। गंगा और यमुना नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे स्थानीय प्रशासन और जनजीवन पर संकट की आशंका बढ़ गई है। गंगा नदी का जलस्तर लगभग 3.6 सेंटीमीटर प्रति घंटे की दर से बढ़ रहा है, वहीं यमुना नदी का जलस्तर और भी तेज़ी से, 4 सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ऊपर उठ रहा है।
हालांकि वर्तमान में दोनों नदियां खतरे के निशान से लगभग 1 मीटर 744 सेंटीमीटर नीचे बनी हुई हैं, लेकिन लगातार बढ़ रहे जलस्तर को देखते हुए इलाके में अलर्ट जारी किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि विशेष तौर पर बड़े हनुमान मंदिर क्षेत्र में स्थिति गंभीर बनी हुई है। यही नहीं, यह पांचवीं बार है जब बड़े हनुमान मंदिर में बाढ़ का पानी प्रवेश कर चुका है।
बड़ी अनोखी बात यह रही कि नदियों के इस असामान्य जलस्तर वृद्धि के बीच बड़े हनुमान जी को अभिषेक कर पूजा-अर्चना भी कराई गई। इसके बाद मंदिर के कपाट को बंद कर सुरक्षित किया गया। प्रशासन ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से नदियों के किनारे न जाएं और सतर्क रहें। साथ ही पुलिस व प्रशासन की टीमें सतत निगरानी में लगी हुई हैं।
स्थानीय प्रशासन ने तैयारी के तौर पर आपातकालीन व्यवस्थाएं पूरी कर दी हैं और अलर्ट जारी कर दिया गया है। यदि जलस्तर में और वृद्धि होती है तो जल निकासी व राहत कार्य त्वरित रूप से शुरू किए जाएंगे।
ये भी पढ़ें लखनऊ – एमिटी यूनिवर्सिटी में लॉ स्टूडेंट को कार में बैठाकर थप्पड़ मारने का मामला, आरोपी छात्र सस्पेंड












