एटा में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब व लहन नष्ट
संवादाता अमन अहमद।
एटा। जिले में आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए रविवार को बड़ी कार्यवाही की। आबकारी टीम ने काली नदी किनारे और आसपास के क्षेत्रों में दबिश देकर कई ठिकानों पर छापामारी की। इस दौरान विभाग ने 35 लीटर अवैध कच्ची शराब को मौके पर नष्ट कर दिया। साथ ही काली नदी किनारे बने अड्डों पर लगभग 200 लीटर लहन को भी नष्ट किया गया, जिसे शराब बनाने के लिए तैयार किया जा रहा था। आबकारी निरीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि छापामारी के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही की जा रही है। वहीं, हिन्दू नगर और अन्य इलाकों में भी टीम ने छानबीन की और कई जगह शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण व सामग्री नष्ट की।
विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध शराब का कारोबार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसी कार्यवाहियां लगातार जारी रहेंगी।












