दिव्यांग छात्रवृत्त योजना के लिए 31 अक्टूबर तक करें आवेदन — डीसी वीरेंद्र कुमार दहिया
जिला संवाददाता: सागर गोयल पानीपत, 15 अक्तूबर: दिव्यांग छात्रों के लिए केंद्र सरकार द्वारा विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनका उद्देश्य विशेष रूप से सक्षम विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में प्रोत्साहन और आर्थिक सहयोग प्रदान करना है। इन योजनाओं के तहत दिव्यांग छात्रों को प्री-मैट्रिक, पोस्ट-मैट्रिक और टॉप क्लास एजुकेशन स्कॉलरशिप दी जाती है।
जिला उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने जानकारी दी कि इन योजनाओं का संचालन सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इच्छुक छात्र इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल [https://scholarships.gov.in] पर ऑनलाइन आवेदन करें।
डीसी ने कहा कि आवेदन की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर निर्धारित की गई है। उन्होंने सभी पात्र विद्यार्थियों से अपील की कि वे समय रहते पोर्टल पर अपना पंजीकरण कर आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करें, ताकि किसी प्रकार की तकनीकी परेशानी के कारण उन्हें योजना के लाभ से वंचित न होना पड़े।
उन्होंने यह भी कहा कि यह छात्रवृत्ति योजना दिव्यांग छात्रों को आत्मनिर्भर और शिक्षित समाज का हिस्सा बनाने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है। सरकार चाहती है कि कोई भी दिव्यांग छात्र आर्थिक कारणों से अपनी शिक्षा बीच में न छोड़े।
डीसी का संदेश: दिव्यांग छात्र हमारे समाज की शक्ति हैं। शिक्षा के माध्यम से उन्हें सशक्त बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। पात्र विद्यार्थी समय पर आवेदन कर इस योजना का लाभ अवश्य उठाएं।
ये भी पढ़ें किसान परंपरागत तरीके छोड़कर वैज्ञानिक और पर्यावरण हितैषी तकनीकों को अपनाएं












