मिरहची में रेडीमेड शोरूम में लगी भीषण आग, लाखों का नुकसान
संवाददाता काव्यांश रावत
एटा। मिरहची कस्बे में रविवार को दोपहर अचानक लगी आग से अफरा-तफरी मच गई। कस्बे के मुख्य बाजार स्थित एक रेडीमेड कपड़ों के शोरूम में शॉर्ट सर्किट के चलते आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरा शोरूम धू-धू कर जलने लगा। घटना के समय दुकान में ग्राहकों की भीड़ थी, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया। लोगों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। आग लगने की सूचना पर मिरहची पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल दमकल विभाग को जानकारी दी। दमकल की गाड़ियाँ घटनास्थल के लिए रवाना हो चुकी हैं, लेकिन आग पर अब तक काबू नहीं पाया जा सका है। करीब आधे घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी शोरूम पूरी तरह जलकर खाक होता नजर आ रहा है। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने के प्रयास भी किए, लेकिन तेज लपटों और धुएं के कारण कोई पास नहीं जा सका। बताया जा रहा है कि यह शोरूम चाठी निवासी अजेंद्र कुमार का है। आग में लाखों रुपये के कपड़े, फर्नीचर और अन्य सामान जलकर खाक हो गए।
मिरहची थाना क्षेत्र के कस्बे का यह पूरा मामला बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है।












