दोआबा की धरती पर बनेगा भगवान जगन्नाथ का भव्य मंदिर, 2 नवंबर को होगा भूमि पूजन समारोह, रामगंज पक्का तालाब पर तैयारियां जोरों पर, संतों और गणमान्य लोगों के आगमन की पूरी तैयारी
संवाददाता बृजेन्द्र मौर्य
फतेहपुर। दोआबा की पावन भूमि पर एक ऐतिहासिक अवसर आने वाला है। आगामी 2 नवंबर को रामगंज पक्का तालाब परिसर में भगवान जगन्नाथ स्वामी मंदिर के भूमि पूजन का शुभारंभ किया जाएगा। इस पवित्र आयोजन की अगुवाई समाजसेवी संतोष तिवारी करेंगे, जिनके लंबे समय के संकल्प और प्रयास से अब यह सपना साकार होने जा रहा है।
भूमि पूजन समारोह को भव्य बनाने के लिए स्थल पर चाक-चौबंद व्यवस्थाएं की जा रही हैं। भिटौरा ब्लॉक प्रमुख अमित तिवारी स्वयं भूमि पूजन स्थल पर रहकर तैयारियों का निरीक्षण कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि सुंदर और विशाल पंडाल तैयार कराया जा रहा है, जिससे किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो।
कार्यक्रम में प्रदेशभर से संत-महात्माओं के साथ-साथ राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र की प्रतिष्ठित हस्तियां भी शामिल होंगी। आयोजन स्थल तक पहुंचने के लिए दो अलग-अलग मार्ग बनाए गए हैं — एक रास्ते से वाहनों का प्रवेश होगा तो दूसरे रास्ते से निकास, जिससे जाम की स्थिति से बचा जा सके।
ब्लॉक प्रमुख अमित तिवारी ने बताया कि पार्किंग व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया है। श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की भी समुचित व्यवस्था की गई है ताकि सभी भक्त भगवान जगन्नाथ स्वामी के दर्शन कर सुखद अनुभव प्राप्त कर सकें।
जानकारी के अनुसार, फतेहपुर जिले की तमाम नामचीन हस्तियों को आमंत्रण भेजा गया है, वहीं प्रदेश के कई जनपदों से भी संतों का जमावड़ा लगने वाला है।
समाजसेवी संतोष तिवारी लंबे समय से भगवान जगन्नाथ स्वामी के मंदिर निर्माण का संकल्प लिए हुए थे। अब वह शुभ घड़ी आ चुकी है जब उनका यह सपना साकार होने जा रहा है। मंदिर के भूमि पूजन के साथ ही फतेहपुर की धरती एक और धार्मिक पहचान के रूप में भगवान जगन्नाथ धाम के नाम से जानी जाएगी।
ये भी पढें ग्राम बघमरवा में प्रधान माथुर प्रसाद यादव का जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया












