मेडिकल कॉलेज एटा में लिफ्ट खराब, प्रशासन बेखबर
जिला संवाददाता काव्यांश रावत
10 दिन से बंद लिफ्ट से परेशान स्टाफ और स्टूडेंट्स, जिम्मेदारी पर उठे सवाल
एटा। मेडिकल कॉलेज एटा से एक बड़ी खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि पिछले दस दिनों से मेडिकल कॉलेज हॉस्टल की लिफ्ट खराब पड़ी हुई है, जिससे स्टूडेंट्स और स्टाफ को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार, कॉलेज स्टाफ और मेडिकल स्टूडेंट्स ने कई बार इस संबंध में शिकायत की, लेकिन अब तक किसी ने भी इस ओर ध्यान नहीं दिया। लिफ्ट के लंबे समय से बंद रहने के कारण हॉस्टल की ऊपरी मंजिलों में रहने वाले छात्रों को रोजाना कई बार सीढ़ियाँ चढ़नी-उतरनी पड़ रही हैं। सूत्रों के मुताबिक, जब इस मामले पर कॉलेज में कार्यरत डॉ. जोगिंदर सिंह से बात की गई तो उन्होंने जवाब दिया कि “लिफ्ट ठीक कराने के लिए ऊपर वालों को बोल दिया गया है।” अब सवाल यह उठता है कि आखिर “ऊपर वाला” कौन है? कई लोगों का कहना है कि यह इशारा मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. बलबीर सिंह की ओर है, क्योंकि वही प्रशासनिक और तकनीकी मामलों को देखते हैं। हालांकि, डॉ. जोगिंदर सिंह ने स्टाफ और छात्रों से यह भी कहा कि “कहीं आप ही लोग तो लिफ्ट खराब नहीं करते हैं?” — यह बयान भी चर्चा का विषय बना हुआ है। लिफ्ट खराब होने के कारण हॉस्टल की 8वीं मंजिल तक रोज़ चढ़ने-उतरने में स्टूडेंट्स को भारी दिक्कत हो रही है। कॉलेज में यह भी कहा जा रहा था कि डॉ. बलबीर सिंह के आने के बाद मेडिकल कॉलेज की स्थिति सुधर जाएगी, लेकिन अब हालात इसके उलट दिखाई दे रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि कॉलेज प्रशासन और शासन दोनों की लापरवाही इस समस्या को और गंभीर बना रही है। सवाल यह भी उठ रहा है कि क्या यह मेडिकल कॉलेज को फेल करने की किसी बड़ी साजिश का हिस्सा तो नहीं है?
अब यह देखना होगा कि इस पूरे मामले में जिम्मेदारी किसकी तय होती है और दोषियों पर क्या कार्रवाई की जाती है।
फिलहाल इतना तय है कि एटा मेडिकल कॉलेज प्रशासन से लेकर शासन तक इस लापरवाही पर मौन साधे हुए हैं।












