पूर्व प्रधान जयसिंह हत्याकांड में नया वीडियो आया सामने
संवाददाता मुकेश कुमार
पथराव और पिटाई से गांव में बढ़ा तनाव, तीन आरोपी गिरफ्तार
एटा। अलीगंज थाना क्षेत्र के विजयदेपुर गांव में पूर्व प्रधान
जयसिंह की हत्या मामले में नया वीडियो सामने आने से सनसनी फैल गई है। सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो में कुछ लोग आरोपी पक्ष के घर पर पथराव करते नजर आ रहे हैं, जबकि इसी दौरान एक युवक की भीड़ द्वारा बेरहमी से पिटाई किए जाने की घटना भी सामने आई है। वीडियो में 70 वर्षीय पूर्व प्रधान जयसिंह बिजली घर के पास सड़क किनारे बेसुध हालत में पड़े दिखाई दे रहे हैं। पास में मौजूद लोग उन्हें संभालने की कोशिश कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर आरोपी श्याम सिंह के घर पर पथराव हो रहा है। बताया जा रहा है कि इसी दौरान मौजूदा प्रधान अमित कुमार के भतीजे को आक्रोशित लोगों ने पकड़ लिया और लाठी-डंडों से बुरी तरह पीट दिया। घायल युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। इस मामले में पुलिस ने मौजूदा प्रधान अमित कुमार सहित तीन आरोपियों — प्रेम सिंह और अमन उर्फ अश्विनी पुत्र रामरतन — को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जबकि अन्य नामजद आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।मृतक के बेटे सर्वेश सिंह की तहरीर पर मौजूदा प्रधान अमित कुमार, श्याम सिंह (पूर्व फौजी), प्रेम सिंह, जितेंद्र पुत्र भारत सिंह, सौरभ पुत्र श्याम सिंह, गौरव पुत्र श्याम सिंह, अमन पुत्र रामरतन, शिवम् पुत्र तेजसिंह और अंशुल पुत्र जितेंद्र के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। तहरीर में बताया गया कि जयसिंह मोटरसाइकिल से गांव लौट रहे थे, तभी पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने उन्हें घेरकर ईंट-पत्थर और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे परिजनों को भी मारा गया। घायल अवस्था में जयसिंह को अलीगंज सीएचसी लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद बुधवार शाम मृतक के परिजनों ने शव को थाने के सामने रखकर प्रदर्शन किया। काफी देर तक माहौल तनावपूर्ण रहा। बाद में भाजपा विधायक सत्यपाल सिंह राठौर के हस्तक्षेप के बाद परिजन शांत हुए। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। गुरुवार को मृतक जयसिंह का अंतिम संस्कार फर्रुखाबाद के कॉम्पिल गंगा घाट पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच किया गया। घटना के बाद से गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। एसएसपी श्याम नारायण सिंह स्वयं हालात पर नजर रखे हुए हैं और पुलिस बल लगातार गश्त कर रहा है। वहीं, घटना के छठवें दिन आरोपी पक्ष का घायल युवक शिवम् पुत्र तेज सिंह सामने आया है, जो फिलहाल एटा के वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती है। शिवम् ने बताया कि झगड़ा शांत हो चुका था, लेकिन कुछ देर बाद पूर्व प्रधान जयसिंह के आने से मामला फिर बढ़ गया और करीब 50 लोगों ने हमला कर दिया। मैं भागा, मगर भीड़ ने पकड़कर बुरी तरह पीटा और मरा समझकर छोड़ गई।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की कई कोणों से जांच कर रही है। गांव में शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और वरिष्ठ अधिकारी लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।












