सोरों पुलिस की बड़ी कार्रवाई लहरा रोड बवाल के वांछित आरोपी रियाज अहमद गिरफ्तार, भेजा गया जेल
मंडल संवाददाता अमित चौहान
कासगंज। भैया दूज के दिन सोरों क्षेत्र के लहरा रोड पर हुए दो समुदायों के बीच हिंसक बवाल प्रकरण में वांछित चल रहे आरोपी रियाज अहमद को सोरों कोतवाली पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह गिरफ्तारी पुलिस
की सक्रियता और सतर्कता का परिणाम मानी जा रही है। पुलिस के अनुसार, आरोपी रियाज अहमद घटना के बाद से फरार चल रहा था। पुलिस लगातार उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी, लेकिन वह हर बार बच निकलता था। शनिवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी किसी काम से क्षेत्र में आया है। इस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। सोरों कोतवाली प्रभारी ने बताया कि रियाज अहमद की गिरफ्तारी के बाद उससे बवाल की परिस्थितियों और अन्य शामिल लोगों के बारे में पूछताछ की जा रही है। जल्द ही अन्य फरार आरोपियों को भी हिरासत में लेकर जेल भेजा जाएगा।
भैया दूज के दिन सोरों लहरा रोड पर दो समुदायों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। विवाद ने जल्द ही उग्र रूप ले लिया और देखते ही देखते दोनों पक्षों में पथराव और फायरिंग शुरू हो गई। मौके पर अफरातफरी मच गई और कई लोग घायल हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया था, जिसके बाद जिलेभर में हड़कंप मच गया।
घटना के तुरंत बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया, भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात की गई। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने स्वयं मौके का निरीक्षण कर स्थिति पर नियंत्रण किया था। घटना के बाद से ही पुलिस ने कई टीमों का गठन कर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए थे। अब तक कई अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि शेष की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
एसपी कासगंज अंकिता शर्मा ने बताया कि “सोरों लहरा रोड प्रकरण संवेदनशील था। पुलिस लगातार निगरानी कर रही है। अब तक कई आरोपियों को पकड़ा गया है और शेष के विरुद्ध भी कार्रवाई जारी है।”












