एटा: अवागढ़ में दीवार काटकर अंग्रेजी शराब के ठेके में बड़ी चोरी, शराब-बीयर की पेटियां और नकदी ले गए चोर
संवाददाता योगेन्द्र सिंह
अवागढ़ (एटा)। जनपद एटा के अवागढ़ थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात चोरों ने अंग्रेजी शराब के ठेके को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। एटा-टूंडला मार्ग स्थित ठेके की पीछे की दीवार काटकर अज्ञात चोर अंदर घुस गए और वहां रखी शराब व बीयर की कई पेटियां तथा दिनभर की बिक्री की नकदी लेकर फरार हो गए। वारदात के बाद चोर ठेके में लगा सीसीटीवी कैमरा भी अपने साथ ले गए, जिससे उनके खिलाफ कोई सबूत न मिल सके।
जानकारी के अनुसार चोरों ने देर रात ठेके के पीछे की दीवार में सेंध लगाकर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद ठेके में रखी शराब और बीयर की पेटियों के साथ काउंटर में रखा नकद समेटकर आराम से फरार हो गए। शनिवार सुबह जब ठेके के सेल्समैन ने दुकान खोली तो अंदर का सामान अस्त-व्यस्त देखकर उसे शक हुआ। जब उसने स्टोर रूम की तरफ जाकर देखा तो दीवार कटी हुई मिली। इसके बाद उसने तुरंत ठेका मालिक प्रवीन कुमार गुप्ता को सूचना दी और डायल-112 पर पुलिस को फोन किया। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि ठेके के पीछे काफी बड़ा खाली क्षेत्र है, जहां चारों ओर से आने-जाने के रास्ते हैं। साथ ही वहां झाड़-झंखाड़ और बबूल के पेड़ों के कारण इलाका सुनसान और जंगल जैसा दिखाई देता है। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। ठेका मालिक प्रवीन कुमार गुप्ता के अनुसार अभी रजिस्टर का मिलान किया जा रहा है, जिसके बाद ही सही नुकसान का पता चल सकेगा। हालांकि अनुमान लगाया जा रहा है कि चोरी में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
उधर थाना अध्यक्ष अखिलेश कुमार दीक्षित ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। चोर चाहे कितने भी शातिर क्यों न हों, उन्हें जल्द ही पकड़ लिया जाएगा और घटना का शीघ्र खुलासा किया जाएगा। फिलहाल लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के व्यापारियों में चिंता का माहौल बना हुआ है और लोग पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।












