अलीगढ़ पुलिस का सराहनीय कार्य नाबालिग बच्ची को सकुशल परिजनों तक पहुँचाया
मंडल संवाददाता अमित चौहान
अलीगढ़। — जनपद अलीगढ़ पुलिस ने मानवता और कर्तव्यनिष्ठा का प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया है। पुलिस की सक्रियता और निरंतर प्रयासों के चलते एक नाबालिग बच्ची को सकुशल उसके परिजनों तक पहुँचाया गया। इस संवेदनशील कार्रवाई ने न केवल एक परिवार को राहत दी, बल्कि समाज में पुलिस के प्रति विश्वास और सुरक्षा की भावना को और सशक्त किया है। जानकारी के अनुसार, पुलिस को नाबालिग बच्ची के लापता होने की सूचना मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने लगातार प्रयास करते हुए तकनीकी व मानवीय खुफिया संसाधनों का प्रयोग कर बच्ची का पता लगाया और उसे सुरक्षित परिवार के हवाले कर दिया। इस मानवीय और सराहनीय कार्य के लिए अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा ने पुलिस अधीक्षक नगर एवं उनकी पूरी टीम को सम्मानित किया। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि पुलिस के ऐसे संवेदनशील कदम समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और लोगों के मन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करते हैं।
अलीगढ़ पुलिस की इस सफलता ने एक बार फिर यह साबित किया है कि जब सेवा, समर्पण और संवेदनशीलता एक साथ आती है, तो हर चुनौती आसान हो जाती है।












